दुनिया
दुनिया
एक ऐसा जहां, जहां इंसान खाली हाथ आता है,
अपना किरदार निभाता है, हर पल से रूबरू हो कर वह खाली हाथ चला जाता है।
बचपन के सपनों की दुनिया से कब जवानी के ख्वाबों के पीछे दौड़ने लगता है, ये एहसास ही नहीं होता।
यही मासूमियत से लेकर बुजुर्गी की झुर्रियों तक का सफर, संघर्षों से लड़ते हुए, कुछ प्राप्त कर, कुछ खो कर, जिम्मेदारियों को निभाते हुए मृत्यु के साये मे खो जाता है
यह दुनिया एक ऐसा जहान है, जहाँ सब एक जैसे हैं, पर रंग अलग-अलग होता है,
जहाँ कुछ चेहरे खुशी का इज़हार करते हैं, कुछ अपने गम के राज़ छुपाते हैं।
जहाँ हर मुस्कान के पीछे अनकही कहानियों का समंदर बना होता है,
जहाँ नज़दीकियां हैं, लेकिन दिल की दिल से दूरी होती है
जहाँ हंसी की हवाएँ हैं, और कहीं आँसुओं की गहरी नदियाँ बहती है
जहाँ रंगमंच एक है, पर वक़्त के रंग विभिन्न होते है
जहाँ किरदार एक है, पर कलाकार की अदायगी भिन्न-भिन्न होती है
जहाँ मंज़र एक जैसा है, लेकिन ज़ज़्बा हर दिल में अलग होता है
जहाँ सभी अपनी कहानी खुद लिखते हैं, किस्मत की लकीरें खुद उकेरते हैं
जहाँ ज़िंदगी के हर बूंद बूंद दुखों को जोड़ कर, सुकून का सागर लिखते हैं,
जहाँ दर्द की स्याही से खुशियों की किताब लिखी जाती है,
जहाँ मेहनत के फूलों से, मंज़िलों के बाग सजाये जाते है
जहाँ आँसुओं के मोती से मुस्कानों के दीप जलाये जाते हैं,
जहाँ उम्मीद की रोशनी से अंधेरों को हराया जाता है,
जहाँ संघर्ष की राहों पर हौसलों के कदम बढ़ाये जाते हैं,
जहाँ सपनों के आसमान में सितारे चमकाये जाते हैं,
जहाँ हर दर्द को मुस्कान में ढाल कर, खुशियों की तलाश मे भटकना पड़ता है
जहाँ हर मोड़ नये पल को बनाती है, वर्तमान को भविष्य से वह जोड़ती है,
जहाँ बेरँग ख्वाबों का रंगीन हकीकतों से सामना होता है
जहाँ ख़ामोशियों में भी आवाज़ों की गूँज सुनाई देती है,
जहाँ सबका स्वभाव अलग, मगर मानवता की एक रोशनी चमकती है,
जहाँ धर्मो की नदियों के मध्य, इंसानियत की एक धारा बहती है
हर दिल में एक नया रंग, इस ज़िंदगी को रंगीन बनाता है
इस सफर में हर मुसाफिर अपने हिस्से का आसमान ढूँढ लाता है
जहाँ हर कदम के साथ नई उम्मीदें और सपनों का कारवां चलता है,
यह दुनिया है साहेब
हर इंसान अपने हिस्से का सूरज लेकर अंधेरों को रोशन करने चला है,
आसमानों को सितारों से सजा कर, बेरंग दुनिया में रंग भरते चढ़ा है,
अपनी मेहनत को संजोकर, सपनों की पलक सजाता है,
सच में, ये अद्भुत रंगमंच है, जहाँ हर कलाकार अपनी एक अलग झलक बनाता है।
Comments
Post a Comment